पीडि़तों को समय पर आर्थिक सहायता एवं न्याय दिलाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी: उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया

admin  3 months, 4 days ago Top Stories

-जिला स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की महत्वपूर्ण आयोजित
-उपायुक्त ने अधिकांश मामलों का किया समाधान
-झूठे मामलों पर सतर्क रहने और निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए
-शिक्षा, नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारी पर दिया जोर

 PANIPAT AAJKAL  , 30 दिसंबर। जिला उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय स्थित सभागार में जिला स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण अधिनियम) के अंतर्गत दर्ज मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई।

    बैठक के दौरान उपायुक्त डॉ. दहिया ने बताया कि जिले में दर्ज  5 मामलों का समाधान कर लिया गया है तथा शेष मामले में नियमानुसार शीघ्र कार्यवाही की जा रही है। उपायुक्त डॉ दहिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीडि़तों को समय पर आर्थिक सहायता एवं न्याय दिलाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

    उपायुक्त डॉ. दहिया ने कहा कि सरकार की मंशा है कि पीडि़तों को न्याय और सहायता समय पर मिले। साथ ही यह भी आवश्यक है कि झूठे मामलों पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि कानून का दुरुपयोग न हो। डॉ दहिया ने कहा कि सभी जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यों के आधार पर होनी चाहिए। हमारा नैतिक दायित्व है कि हम ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। हमारा आचरण समाज के लिए उदाहरण होना चाहिए।

    उपायुक्त ने लंबित मामलों की नियमित समीक्षा के लिए समिति के गठन के निर्देश दिए तथा कहा कि राहत राशि से संबंधित बजट की कमी को शीघ्र उच्च स्तर पर भेजकर समाधान कराया जाए। उपायुक्त डॉ दहिया ने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि बच्चों को शिक्षित करें और उन्हें समाज में बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करें, ताकि सामाजिक समरसता और आपसी सौहार्द बना रहे। उपायुक्त ने सभी को नव वर्ष की शुभकामनाएं दी।

  बैठक में उपायुक्त ने सभी अधिकारियों से कहा कि वे अच्छे तरीके से कार्य करें, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, ताकि समाज में न्याय और विश्वास की भावना और मजबूत हो सके। इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक राजबीर सिंह, जिला रोजगार अधिकारी डॉ. रितु चहल, जिला कल्याण अधिकारी जापान हुड्डा, विनोद शर्मा, प्राण रत्नाकर, सत्यप्रकाश वैध, पूनम, अधिवक्ता अशोक कौशिक, सत्यवान झंडा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

img
img