विद्यार्थियों को रोजगार के लिए तैयार करने के उद्देश्य से करियर उन्मुख कार्यशालाओं की श्रृंखला का सफल आयोजन किया गया।

admin  6 hours, 31 minutes ago Top Stories

PANIPAT AAJKAL : आईबी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्लेसमेंट एवं करियर गाइडेंस सेल एवं मेधा लर्निंग फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में विद्यार्थियों को रोजगार के लिए तैयार करने के उद्देश्य से करियर उन्मुख कार्यशालाओं की श्रृंखला का सफल आयोजन किया गया। इन कार्यशालाओं का संचालन मेधा लर्निंग फाउंडेशन की करियर ट्रेनर निधि द्वारा किया गया। कार्यशालाओं की शुरुआत जनवरी माह के अंतिम दो सप्ताह से प्रत्येक गुरुवार को की गई तथा यह श्रृंखला फरवरी के प्रथम सप्ताह तक जारी रही। महाविद्यालय के बीकॉम, बीबीए, बीसीए, बीए एवं बीएससी. सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के कुल 64 विद्यार्थियों ने इन सत्रों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को व्यावहारिक कौशल प्रदान करना था, ताकि वे भविष्य के कार्यस्थल की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना कर सकें। पहली कार्यशाला “बेसिक्स ऑफ इंग्लिश कम्युनिकेशन” विषय पर आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों को प्रभावी संवाद कौशल, सही उच्चारण, दैनिक जीवन में अंग्रेजी के उपयोग तथा आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने की तकनीकों से अवगत कराया गया। कार्यशाला के बाद विद्यार्थियों ने नियमित रूप से अंग्रेजी में बातचीत का अभ्यास शुरू कर दिया, जिससे उनकी संप्रेषण क्षमता में निरंतर सुधार हो रहा है। दूसरी कार्यशाला “रिज्यूमे निर्माण” पर केंद्रित थी। इसमें विद्यार्थियों को एक प्रभावशाली एवं पेशेवर रिज्यूम तैयार करने की प्रक्रिया समझाई गई। सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने स्वयं अपना रिज्यूमे तैयार किया और यह समझा कि एक सशक्त एवं व्यवस्थित रिज्यूमे उनके करियर का अत्यंत महत्वपूर्ण आधार होता है तथा नियोक्ताओं पर सकारात्मक प्रभाव डालता है। तीसरी कार्यशाला “उभरते करियर विकल्प” विषय पर आयोजित की गई, जिसमें वर्तमान समय में तेजी से विकसित हो रहे करियर क्षेत्रों, नई तकनीकों और बदलते रोजगार बाजार के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने विभिन्न करियर विकल्पों, आवश्यक कौशलों और उपलब्ध अवसरों के बारे में सीखते हुए अपने भविष्य को लेकर स्पष्टता प्राप्त की। कार्यशालाओं में दिए गए रोडमैप के आधार पर कई विद्यार्थियों ने अपने करियर में आगे बढ़ने से संबंधित महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए।इन कार्यशालाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल नई जानकारियां प्राप्त हुईं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास और करियर के प्रति जागरूकता भी बढ़ी। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शशि प्रभा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि “ऐसी करियर उन्मुख कार्यशालाएं विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान तक सीमित नहीं रखतीं, बल्कि उन्हें व्यावहारिक जीवन के लिए भी तैयार करती हैं। आज के प्रतिस्पर्धी दौर में संचार कौशल, पेशेवर प्रस्तुति और सही करियर मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक है। हमें गर्व है कि हमारे विद्यार्थी इन अवसरों का लाभ उठाकर अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर ठोस कदम बढ़ा रहे हैं।” वहीं, प्लेसमेंट एवं ट्रेनिंग हेड डॉ. अर्पणा ने बताया कि “इन कार्यशालाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योग की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना है। करियर रोडमैप, रिज्यूमे निर्माण और प्रभावी संचार जैसे कौशल विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाते हैं तथा उन्हें पेशेवर दुनिया में सफलता की दिशा प्रदान करते हैं।” महाविद्यालय प्रशासन ने इस पहल को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया तथा भविष्य में भी ऐसे कौशल आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

img
img