-समाधान प्रकोष्ठ की समीक्षा बैठक में शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश
PANIPAT AAJKAL , 13 फरवरी। जिला सचिवालय सभागार में शुक्रवार को समाधान प्रकोष्ठ की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त विवेक चौधरी ने की।
बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की गई। अतिरिक्त आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जन शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। निगम अतिरिक्त आयुक्त ने कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अतिरिक्त आयुक्त विवेक चौधरी ने कहा कि जनता की शिकायतें हमारे लिए सिर्फ फाइलें नहीं, बल्कि उनकी उम्मीदें हैं। प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण समाधान हमारी जिम्मेदारी है। अधिकारी सुनिश्चित करें कि कोई भी मामला अनावश्यक रूप से लंबित न रहे। यदि किसी शिकायत का निस्तारण संभव नहीं है तो संबंधित शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित कर स्पष्ट कारण एटीआर में दर्ज किया जाए। प्रशासन की प्राथमिकता है कि आमजन को त्वरित राहत मिले ।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों पर विशेष ध्यान देते हुए शीघ्र समाधान किया जाए और संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। निगम अतिरिक्त आयुक्त ने कहा कि कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक है।
बैठक में पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. संजय आंतिल, सीएमओ विजय मलिक, डीएसपी सतीश वत्स, डीडीपीओ राजेश शर्मा, जिला रोजगार अधिकारी ऋतु चहल, पब्लिक हेल्थ विभाग के कार्यकारी अभियंता करण बहल, पीडब्ल्यूडी विभाग के कार्यकारी अभियंता सावित पन्नू, कैंपलैंड अधिकारी संजीव शर्मा व जोगिंदर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में अतिरिक्त आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शिकायतों के निस्तारण में और अधिक सक्रियता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें, ताकि नागरिकों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं मिल सकें।