-परीक्षा परिणामों में पानीपत का प्रदेश में प्रथम स्थान दिलाने का लक्ष्य
PANIPAT AAJKAL , 13 फरवरी। जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा एवं जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में आज लोर्ड कृष्णा पब्लिक स्कूल, समालखा में जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य शिक्षा विभाग की नीतियों, दिशा-निर्देशों एवं नवीन शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी साझा करना तथा विद्यार्थियों को आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए प्रभावी रणनीति के साथ तैयार करना रहा।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने जिले के शिक्षकों, प्रधानाचार्यों एवं विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए अबकी बार 99 पार का नारा दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि 99 पार का आशय केवल अंकों की दौड़ नहीं, बल्कि 100 प्रतिशत गुणवत्ता-युक्त, उत्कृष्ट एवं अनुशासित परिणाम सुनिश्चित करना है। इस पहल का उद्देश्य यह है कि दसवीं एवं बारहवीं कक्षा के बोर्ड परीक्षा परिणामों में पानीपत जिला पूरे हरियाणा प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करे।
बैठक के दौरान बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी, मूल्यांकन प्रक्रिया, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेल गतिविधियों, छात्र सुरक्षा, पोक्सो एक्ट, पोश कमेटी के गठन एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में सुरक्षित, संवेदनशील एवं अनुशासित वातावरण का निर्माण करना सभी शिक्षण संस्थानों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर सोनिया मार्था फाउंडेशन की ओर से उपस्थित विशेषज्ञों ने पोक्सो एवं पोश कमेटी के गठन, उनकी संरचना, कार्यप्रणाली एवं कानूनी दायित्वों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि इन कमेटियों का सही एवं सक्रिय संचालन विद्यालयों में छात्र-छात्राओं तथा कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने बताया कि बच्चों पढ़ाई को आसान और प्रभावी बनाने के लिए हैड (दिमाग) और हैण्ड (हाथ) दोनों का संतुलित उपयोग बहुत ज़रूरी है। जब हम सिर्फ पढ़ते हैं तो कुछ समय बाद भूल जाते हैं, लेकिन जब दिमाग और हाथ साथ-साथ काम करते हैं तो याददाश्त मजबूत होती है और समझ भी गहरी होती है। बैठक में सरिता देवी (बीईओ, पानीपत), संदीप रत्तेवाल (जिला कोऑर्डिनेटर), प्राचार्य सतनारायण, सूबे सिंह, सरला मालिक, सीमा रानी (एचटी), सुमित सचदेवा सहित जिले के अनेक वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षा विशेषज्ञ एवं विद्यालय प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अंत में जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने सभी प्रधानाचार्यों से अपील की कि वे अबकी बार 99 पार को केवल एक नारा न मानकर एक संकल्प के रूप में अपनाएं और निरंतर, समर्पित प्रयासों के माध्यम से पानीपत जिले को शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश में अग्रणी बनाएं।