PANIPAT AAJKAL , 13 फरवरी। भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी हरियाणा राज्य शाखा के निर्देशानुसार तथा उपायुक्त डॉ वीरेंद्र कुमार दहिया के कुशल मार्गदर्शन में सेंट जॉन एंबुलेंस पानीपत के द्वारा सेक्रेटरी गौरव रामकरण की अगुवाई में और जिला प्रशिक्षण अधिकारी पानीपत हरमेश चंद की सुपरविजन संदीप रत्तेवाल द्वारा समालखा ब्लॉक के राजकीय माध्यमिक विद्यालय, ढिंडार में विद्यार्थियों व अध्यापकगण के लिए प्राथमिक सहायता विषय पर एक प्रभावशाली एवं ज्ञानवर्धक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण सत्र का संचालन प्रवक्ता प्राथमिक सहायता संदीप रत्तेवाल द्वारा किया गया।
संदीप रत्तेवाल ने विद्यार्थियों को प्राथमिक सहायता के महत्व एवं उसके मूल उद्देश्य से अवगत कराते हुए आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं सही निर्णय लेने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान घायल व्यक्ति को विभिन्न प्रकार की पट्टियाँ बांधने, रक्तस्राव रोकने तथा दुर्घटना की स्थिति में सुरक्षित ढंग से रिकवर कर अस्पताल तक पहुँचाने की विधियों का सजीव प्रदर्शन करके बताया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और जिज्ञासा के साथ सहभागिता की तथा महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं। विद्यालय प्रशासन ने संदीप रत्तेवाल के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को आपदा की स्थिति में आत्मनिर्भर और जागरूक बनाने में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं। इस मौके पर विद्यालय इंचार्ज एवं सभी स्टाफ मेंबर आदि उपस्थित रहे।