पुलिस लाइन में कराया सूर्य नमस्कार. 274 पुलिसकर्मियों ने लिया हिस्सा.

admin  10 hours, 18 minutes ago Top Stories

PANIPAT AAJKAL , 09 फरवरी : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के नेतृत्व में सोमवार को पुलिस लाइन में सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रातःकालीन समय में किया गया। स्वास्थ्य, अनुशासन और मानसिक दृढ़ता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुलिसकर्मियों द्वारा सूर्य नमस्कार का सामूहिक अभ्यास किया। सभी प्रतिभागियों ने निर्धारित क्रम में सूर्य नमस्कार के 12 आसनों का अभ्यास किया।

योग प्रशिक्षकों ने सूर्य नमस्कार के विभिन्न चरणों का अभ्यास कराया और इसके शारीरिक और मानसिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। 274 पुलिसकर्मियों ने कार्यक्रम में हिस्सा लेकर सूर्य नमस्कार का सामूहिक अभ्यास किया।

डीएसपी मुख्यालय सतीश वत्स ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि सूर्य नमस्कार न केवल शरीर को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि तनाव को कम करने, एकाग्रता बढ़ाने और मानसिक संतुलन बनाए रखने में भी अत्यंत सहायक है। सूर्य नमस्कार तन और मन दोनों के लिए फायदेमंद है। नियमित योग, व्यायाम और अनुशासित जीवनशैली से पुलिसबल की कार्यक्षमता एवं सकारात्मक सोच में वृद्धि होती है। उपस्थित सभी पुलिसकर्मियों ने भविष्य में भी इस प्रकार की स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों को निरंतर जारी रखने की संकल्प लिया।

उप पुलिस अधीक्षक सतीश वत्स ने बताया कि स्वामी विवेकानंद जयंती 12 जनवरी से महर्षि दयानंद सरस्वती जयंती 12 फरवरी तक हरियाणा योग व आयुष विभाग के योग शिक्षकों द्वारा सूर्य नमस्कार अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पुलिस विभाग की ओर से भी निरंतर रूप से सूर्य नमस्कार करवाया जाएगा। सूर्य नमस्कार 12 शक्तिशाली योग आसनों का एक क्रम है जो स्वास्थ्य के लिए बहुत लाभदायक है। उन्होंने कहा कि पहला सुख स्वस्थ शरीर है और योग बीमारियों को दूर करने का मंत्र है। इस मौके पर लाइन ऑफिसर इंस्पेक्टर सत्यवान, भलाई शाखा में तैनात मुख्य सिपाही कृष्ण व अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

img
img