-समाधान शिविर प्रशासन की औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता के प्रति उसकी जिम्मेदारी का प्रत्यक्ष प्रमाण
-जनता की उम्मीदों पर खरा उतरता समाधान शिविर, सीएम विंडो टीम ने की शिविर की सराहना
-निगम और पुलिस ने दिखाई जिम्मेदारी, जनता समाधान शिविर में दिखा असर
PANIPAT AAJKAL , 9 फरवरी। हरियाणा सरकार के जनता से सीधे जुड़े महत्वाकांक्षी कार्यक्रम जनता समाधान शिविर में सोमवार को उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने जिले के नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए कहा कि किसी भी अधिकारी द्वारा लापरवाही, टालमटोल या उदासीन रवैया अपनाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त डॉ. दहिया ने निर्देश दिए कि जिन समस्याओं का समाधान तुरंत संभव है, उन्हें बिना देरी निपटाया जाए और जिन मामलों में समय लगता है, उनमें स्पष्ट समय सीमा तय कर शिकायतकर्ता को पूरी जानकारी दी जाए। शिविर में 34 नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत और विभागीय समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं, जिनमें से कई शिकायतों का समाधान उपायुक्त के प्रयास से मौके पर ही किया गया।
उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता समाधान शिविर प्रशासन की औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता के प्रति उसकी जिम्मेदारी का प्रत्यक्ष प्रमाण है। डॉ. दहिया ने कहा कि हर शिकायत एक नागरिक की उम्मीद से जुड़ी होती है और उसका समाधान करना प्रशासन का दायित्व है, न कि उपकार।
उपायुक्त डॉ दहिया ने अधिकारियों को सख्त संदेश देते हुए कहा कि जनता को अब दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंते प्रशासन स्वयं समस्याओं का समाधान मौके पर ही कर रहा है। उपायुक्त डॉ. दहिया ने कहा कि हम सब जनता के सेवक हैं और जनता की संतुष्टि ही प्रशासन की सबसे बड़ी उपलब्धि है। जनता समाधान शिविर के माध्यम से प्रशासन पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है और आगे भी यही प्राथमिकता रहेगी।
नगर निगम संयुक्त आयुक्त मनी त्यागी ने कहा कि नगर निगम से जुड़ी समस्याएं आम नागरिकों के रोजमर्रा के जीवन से सीधे तौर पर जुड़ी होती हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है और जनता समाधान शिविर में प्राप्त सभी निगम संबंधी समस्याओं का समाधान तय समय सीमा में सुनिश्चित किया जाएगा।
डीएसपी सतीश वत्स ने कहा कि पुलिस विभाग की जिम्मेदारी केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता को सुरक्षा और न्याय का भरोसा दिलाना भी पुलिस का कर्तव्य है। शिविर में पुलिस से संबंधित जो भी शिकायतें प्राप्त हुई हैं, उन पर तुरंत संज्ञान लिया गया है और निष्पक्ष व समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
जनता समाधान शिविर में सीएम विंडो के एमिनेंट पर्सन कृष्ण आर्य, सुरेंद्र जोगी और गुलशन तलवार ने भाग लिया। उन्होंने शिविर की कार्यवाही का निरीक्षण किया और मौके पर ही हो रहे जन समाधान की सराहना की। उन्होंने कहा कि पानीपत जिला प्रशासन द्वारा जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना सराहनीय है और यह प्रदेश के अन्य जिलों के लिए भी एक प्रेरणास्रोत है।
शिविर में मौजूद नागरिकों ने भी प्रशासन की इस पहल की प्रशंसा की और कहा कि इस तरह के शिविरों से उन्हें अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों तक रखने का अवसर मिलता है। समाधान शिविर के दौरान कुल 34 शिकायतकर्ताओं द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएँ दर्ज कराई गईं। उपायुक्त ने सभी शिकायतों का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समाधान शिविर में बिहौली निवासी कृष्ण, बलराज, राजेंद्र, कृष्ण शर्मा, रणवीर, देवेंद्र एवं बलराम ने गांव में आवारा पशुओं के कारण फसलों को हो रहे नुकसान की समस्या को प्रशासन के समक्ष रखा। उन्होंने अनुरोध किया कि इन आवारा पशुओं को पकडक़र गौशाला में छोड़ा जाए, जिससे किसानों को राहत मिल सके। प्रार्थी अरुण सिंगला ने अपने स्वामित्व कार्ड बनवाने के संबंध में प्रशासन से सहायता का अनुरोध किया।
प्रार्थी रामदास ने विकलांग पेंशन बनाए जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने अपनी कमजोर आर्थिक स्थिति से प्रशासन को अवगत कराते हुए बताया कि उन्होंने पेंशन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था, किंतु अब तक पेंशन स्वीकृत नहीं हो पाई है। उन्होंने मामले में शीघ्र कार्रवाई करने का अनुरोध किया।
प्रार्थी चंद्रभान, ईश्वरी तथा दिलबाग सिंह ने राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदन प्रस्तुत करते हुए प्रशासन से आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
प्रार्थी यशपाल ने गांव नांगल खेड़ी के मंदिर परिसर में जो पेड़ों की कटाई की है उन आरोपों व्यक्तियों के पर कार्रवाई करने की प्रार्थना प्रशासन से की।
प्रार्थी सुमन ने विधवा पेंशन स्वीकृत कराने हेतु प्रशासन से अनुरोध किया। उपायुक्त डॉ दहिया ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। इस मौके पर विभिन्न विभागों से अधिकारी और शिकायतकर्ता मौजूद रहे।