PANIPAT AAJKAL : समालखा - पानीपत इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नॉलोजी (पाइट) में बुधवार को ‘विनिंग वेडनेसडे’ के तहत प्रेरक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में चयनित हुए 40 से अधिक छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। चयनित छात्रों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार निरंतर मेहनत और सही मार्गदर्शन से जॉब हासिल की जा सकती है।
समारोह में पाइट के वाइस चेयरमैन राकेश तायल ने कहा कि आज रोजगार की कमी नहीं है। आवश्यकता है तो केवल सही स्किल और सकारात्मक सोच की। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि वे अपने कौशल विकास पर लगातार फोकस करें। उन्होंने बताया कि साइबर सिक्योरिटी, एआईडीएस, एआईएमएल, एमसीए, बीसीए, मैकेनिकल, बीबीए सहित विभिन्न विभागों के छात्रों को कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से रोजगार मिला है। प्रत्येक सप्ताह इस तरह छात्रों को सम्मानित किया जाएगा।
निदेशक डॉ. शक्ति कुमार ने कहा कि जीवन में सबसे पहले अपना लक्ष्य तय करना जरूरी है। लक्ष्य निर्धारित करने के बाद पूरी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ते रहें। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए कोई शॉर्टकट नहीं होता। साइबर सिक्योरिटी विभाग की अध्यक्ष डॉ. शक्ति अरोड़ा ने भी छात्रों को प्रेरित किया और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह में चेयरमैन हरिओम तायल, डीन डॉ. बीबी शर्मा, कैरियर एडवांस सेल के निदेशक रितेश सिंगला, सीएसई विभाग के अध्यक्ष डॉ. एससी गुप्ता सहित कई शिक्षक मौजूद रहे।