-गरीबों के लिए ईडब्ल्यूएस फ्लैट आवंटन प्रक्रिया तेज
-सरकार की ऐतिहासिक पहल, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को मिलेगा पक्का आशियाना
PANIPAT AAJKAL , 30 दिसंबर। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराने की दिशा में हरियाणा सरकार की महत्वाकांक्षी योजना अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है। इसी कड़ी में लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में ईडब्ल्यूएस फ्लैटों के आवंटन को लेकर विभागीय स्तर पर तेज़ी से कार्रवाई की जा रही है।
अतिरिक्त उपायुक्त एवं नगर निगम आयुक्त डॉ. पंकज ने जानकारी देते हुए बताया कि हाउसिंग फॉर ऑल विभाग द्वारा निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि एमएमएसएवाई (मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना) के तहत पंजीकृत आवेदकों का भौतिक सत्यापन शीघ्र पूरा किया जा सके और आवंटन प्रक्रिया में कोई देरी न हो। उन्होंने बताया कि 23 अक्टूबर 2025 की ईडब्ल्यूएस नीति के तहत लाइसेंस प्राप्त बिल्डरों को कुल आवासीय फ्लैटों में से 15 प्रतिशत फ्लैट आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आरक्षित रखने होंगे। इन फ्लैटों का आवंटन पूरी तरह पारदर्शी ऑनलाइन ड्रॉ प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा।
अतिरिक्त उपायुक्त एवं निगम आयुक्त डॉ पंकज ने बताया कि जिले में एमएमएसएवाई के तहत 5490 आवेदकों ने पंजीकरण कराया है। सोमवार तक पात्र व्यक्ति अपनी पूरी जानकारी पोर्टल पर अपलोड कर सकते हैं। डॉ. पंकज ने बताया कि जिले में योजना के तहत 128 ईडब्ल्यूएस फ्लैट प्रस्तावित किए गए हैं। डॉ. पंकज ने बताया कि पात्र लाभार्थियों को केवल 10,000 की नाममात्र बुकिंग राशि पर फ्लैट बुक करने का अवसर मिलेगा। चयन के बाद बैंक ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर अतिरिक्त बोझ न पड़े।
डॉ पंकज ने कहा कि सोनीपत मॉडल इस योजना की सफलता का जीवंत उदाहरण है, जहां पारदर्शी प्रक्रिया के तहत ड्रॉ निकालकर लाभार्थियों को चाबियां सौंपी गईं। इसी मॉडल को अब पानीपत सहित अन्य जिलों में लागू किया जाएगा।
निगम आयुक्त डॉ. पंकज ने कहा कि हरियाणा सरकार की यह योजना सिर्फ मकान देने की नहीं, बल्कि गरीब परिवारों को सम्मान और सुरक्षा देने की पहल है। ईडब्ल्यूएस फ्लैट आवंटन में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है। मोबाइल एप के माध्यम से भौतिक सत्यापन, ऑनलाइन ड्रॉ और बैंक ऋण सुविधा यह सुनिश्चित करती है कि असली हकदार तक ही योजना का लाभ पहुंचे। पानीपत में हम इस प्रक्रिया को समयबद्ध और निष्पक्ष तरीके से पूरा करेंगे, ताकि हर गरीब का पक्का घर का सपना साकार हो सके।