-पुलिस अधीक्षक ने इस सहयोग में रोटरी क्लब मिड टाउन के प्रयासों की सराहना की
PANIPAT AAJKAL : 29 दिसंबर : कड़ाके की ठंड में यातायात पुलिसकर्मी अब बिना ठंड महसूस किए यातायात को और बेहतर तरीके से व्यवस्थित कर सकेंगे। जिला पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने सोमवार को जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में यातायात पुलिसकर्मियों को रिफ्लेक्टिव गर्म जैकेट दी हैं।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने कहा कि सर्दी लगातार बढ़ रही है। लोग घर से बाहर निकलने में भी बचते है। ऐसे मौसम में पुलिसकर्मी सुबह से देर रात तक ड्यूटी पर होते हैं। वे इन सब चुनौतियों का सामना कर शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखते है। वही सर्दी के अलावा गर्मी और बारिश के मौसम में भी लगातार ड्यूटी पर तैनात रहते है। ऐसे में पुलिसकर्मियों को बेहतर संसाधन या मौसम के प्रभाव से बचने के लिए आवश्यक कपड़ों की जरूरत होती है। जो पुलिस विभाग की और से समय समय पर उपलब्ध कराया जाता है। यातायात पुलिसकर्मियों को अब जैकेट भी दी गई है। वे अब अपनी ड्यूटी और बेहतर तरीके से कर सकेंगे। उन्होंने इसमें सहयोग करने पर रोटरी क्लब के प्रयासों की सराहना की।
रोटरी क्लब के प्रधान दीपक बजाज ने कहा कि रोटरी क्लब का समय-समय पर समाज के कार्यों में योगदान रहा है। उत्कृष्ट विद्यार्थियों को साइकिल देने के साथ ऑटो चालकों को वर्दी देकर मदद की गई थी। समाज के दूसरे घटकों को भी आगे आकर एक दूसरे का सहयोग करना चाहिए। जिला पुलिस के अधिकारियों से सपंर्क कर यातायात पुलिसकर्मियों के लिए 106 जैकेट दी हैं। ये रिफ्लेक्टिव जैकेट हैं। इनमें रात के समय लाइट पड़ते ही चमक आएगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक श्री भूपेंद्र सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में जिला पुलिस कानून एवं व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए लगातार काम कर रही है। पुलिस नशा और जुआ तस्करी रोकने के साथ अपराध को लगातार नियंत्रण में ला रही है। इससे आमजन खुद को सुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि पहले शहर में जाम की समस्या थी। पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह के प्रयास से यातायात व्यवस्था में पहले की अपेक्षा बहुत सुधार आया है। क्लब पदाधिकारियों ने कानून एवं व्यवस्था के लिए अपने सुझाव भी दिए। पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने कहा कि पुलिस और जनता मिलकर कानून एवं व्यवस्था को बेहतर ढंग से लागू कर सकते हैं। वे लोगों के साथ राय लेकर व्यवस्था बना रहे हैं। इस अवसर पर एएसपी हर्षित गोयल, डीएसपी मुख्यालय सतीश वत्स, डीएसपी सुरेश सैनी और क्लब के वरिष्ठ पदाधिकारी सुदर्शन चुघ, सचिव जगदीश अरोड़ा, प्रोजेक्ट चेयरमैन सुनील बवेजा, मुकेश तलवार, सुरेंद्र शर्मा और सतीश गोयल मौजूद रहे।