26 शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
सरकार-प्रशासन जनता के द्वार, समाधान शिविर में समस्याओं का हुआ त्वरित निपटारा
जनता समाधान शिविर में गूंजा भरोसे का स्वर, प्रशासन ने दिए त्वरित समाधान के आश्वासन
PANIPAT AAJKAL , 29 दिसंबर। हरियाणा सरकार द्वारा जनता की शिकायतों के समाधान को लेकर लगाए जा रहे जनता समाधान शिविर से आमजन को लगातार राहत मिल रही है। जिला सचिवालय सभागार में सोमवार को आयोजित किए गए जनता समाधान शिविर की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम मनदीप कुमार ने कहा कि सरकार की मंशा है कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। जनता समाधान शिविर इसी उद्देश्य को साकार करने का माध्यम है, जहां प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनकर उसका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए।
नगर निगम के संयुक्त आयुक्त डॉ. संजय ने कहा कि नगर निगम नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। शिविर में प्राप्त शिकायतों का मौके पर ही संज्ञान लेकर संबंधित विभागों को समाधान के निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि समस्याओं को शीघ्र निपटाया जाएगा ताकि शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
सीईओ डॉ. किरण ने कहा कि जनता समाधान शिविर प्रशासन और आमजन के बीच संवाद का सशक्त मंच है। इससे लोगों की समस्याएं सीधे अधिकारियों तक पहुंच रही हैं और पारदर्शी तरीके से उनका निस्तारण हो रहा है।
डीएसपी सतीश वत्स ने कहा कि पुलिस विभाग आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर है। शिविर में आई पुलिस से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आम नागरिक बिना किसी भय के अपनी शिकायत प्रशासन के समक्ष रख सकता है। सोमवार को समाधान शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 26 शिकायतें दर्ज की गईं। एसडीएम ने संबंधित विभागों को शिकायतों का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए।
शिविर में सेक्टर-11 के निवासियों ने पार्क में जर्जर हो चुके पेड़ों को कटवाने के लिए प्रशासन से अनुरोध किया। प्रार्थी कुलदीप वासी सिवाह ने रास्तों पर लगाए गए अवैध गेट हटवाने की मांग की। प्रार्थी रितु वासी झांबा ने विधवा पेंशन बनवाने का अनुरोध किया। प्रार्थी यशपाल ने पुरानी बस स्टैंड पर सुलभ शौचालय बनवाने की मांग रखी।
इस मौके पर डीएचओ संदीप, एलडीएम राजकुमार, पब्लिक हेल्थ के कार्यकारी अभियंता करण बहल, कृषि विभाग के सहायक कार्यकारी अधिकारी सुधीर, पुलिस विभाग के कंप्लेंड अधिकारी महेश त्यागी, संजीव शर्मा, जोगिंदर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।