-खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व का विकास करते हैं: वीरेंद्र शिंगला
PANIPAT AAJKAL : सोमवार 29 दिसंबर 2025, आर्य कॉलेज ने कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी कुरुक्षेत्र द्वारा आयोजित इंटर जोनल बेसबॉल पुरुष चैंपियनशिप में जीता गोल्ड मेडल । यह प्रतियोगिता यूनिवर्सिटी के खेल प्रांगण में 27.12.25 से 28.12.25 तक कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी कुरुक्षेत्र द्वारा आयोजित करवाई गई थी ।
आर्य कॉलेज के खिलाडिय़ों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सवर्ण पदक अपने नाम किया है । परिणाम कुछ इस प्रकार रहे महाविद्यालय की टीम ने प्रथम मैच में गुरु नानक खालसा कालेज को 3-0 दूसरे मैच में आर.के.एस.डी कैथल को 7-4 से हराया। तीसरे व निर्णायक मैच में एस.ए जैन कालेज अंबाला के साथ ड्रॉ मैच खेलकर 5 अंकों के साथ गोल्ड अपने नाम किया । कॅालेज प्राचार्य प्रो. डॉ. जगदीश गुप्ता ने सभी विजेता प्रतिभागियों को कॉलेज प्रांगण में पहुंचने पर बधाई दी व उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्राचार्य ने इस जीत का श्रेय शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ.राजेश टूर्ण सहित अन्य स्टाफ सदस्यों को दिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्रबंधन समिति के उप-प्रधान वीरेंद्र शिंगला ने अपने सम्बोधन में कहा कि आर्य कॉलेज के विद्यार्थी न केवल शिक्षा के क्षेत्र में बल्कि खेलकूद के मैदान में भी अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय रहना चाहिए क्योंकि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व जैसी गुणों का विकास करते हैं।
वहीं, प्रबंधन समिति के कोषाध्यक्ष पीयूष आर्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी समान रुचि रखनी चाहिए, क्योंकि खेल न केवल शारीरिक बल बल्कि मानसिक संतुलन और नेतृत्व क्षमता को भी विकसित करते हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. जगदीश गुप्ता ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अकादमिक ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होना चाहिए। खेलों से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि जीवन में आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व के गुण भी विकसित होते हैं। खेल हमें हार-जीत दोनों परिस्थितियों में धैर्य और संतुलन सिखाते हैं।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि आर्य कॉलेज के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पदक हासिल किया है । इस उपलब्धि के आधार पर महाविद्यालय के छात्र विष्णु,अनेक शर्मा ,अमित यादव ,सक्षम सहरावत ,सुनील ,समर इन सभी का चयन कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी कुरुक्षेत्र की टीम मे हुआ है । इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश टूर्ण, कोच राजेंद्र देशवाल, अनूप गुलिया, सुनील पहल,राजा तोमर, प्राध्यापिका रजनी सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।