PANIPAT AAJKAL , 28 दिसंबर : थाना समालखा पुलिस टीम ने लिफ्ट लेकर बाइक सवार युवक के बैग से 24 हजार रूपए चोरी करने के आरोपी को शनिवार शाम को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान खलीला निवासी परमीत उर्फ बच्ची के रूप में हुई है।
थाना समालखा में ढ़िढार गांव निवासी सुरेश पुत्र सूरत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह नायरा सीएनजी पंप पर सेल्समैन का काम करता है। 21 दिसंबर को वह घर से बाइक पर ड्यूटी के लिए निकला था। उसने कमर पर पिट्ठू बैग टांगा हुआ था। बैग में 24 हजार रूपए कैश था। खलीला गांव में चौपाल के पास पहुंचा तो वहां खलीला निवासी परमीत उर्फ बच्ची खड़ा था। परमीत ने इशारा कर बाइक रूकवाई और मच्छरौली गांव तक लिफ्ट मांगी। उसने परमीत को बाइक पर पीछे बैठा लिया और उसके कहने पर मच्छरौली फ्लाईओवर के पास उतार दिया। इसके कुछ समय बाद उसने अपना बैग चेक किया तो 24 हजार रूपए नहीं मिले। परमीत उर्फ बच्ची ने उसके बैग से पैसे चोरी किए है। थाना समालखा में सुरेश की शिकायत पर पुलिस ने अभियोग दर्ज कर जांच पड़ताल करने के साथ आरोपों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।
समालखा थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर गुलशन ने बताया कि पूछताछ में आरोपी परमीत ने चोरी की उक्त वारदात करना स्वीकारा। प्रदीप में आरोपी ने पुलिस को बताया वह नशा करने का आदी है। नशे की लत पूरी करने के लिए उसने चोरी की उक्त वारदात को अंजाम दिया। आरोपी चोरी की नगदी में से 12 हजार रूपए नशा करने में खर्च कर दिए। पुलिस ने आरोपी परमीत के पास से बचे 12 हजार रूपए बरामद कर रविवार को पूछताछ के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।
प्रभारी सब इंस्पेक्टर गुलशन ने बताया आरोपी परमीत का पहले भी आपराधिक रिकार्ड होना पाया गया है। आरोपी के खिलाफ समालखा थाना में चोरी के दो मामले दर्ज है। आरोपी करीब 20 दिन पहले जेल से बेल पर बाहर आया था।