पानीपत नागरिक मंच ने श्रद्धेय शिक्षाविद् एवं एस.डी. कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य सुखदेव के निधन पर जताया गहरा शोक

admin  1 month, 1 week, 1 day ago Top Stories

PANIPAT AAJKAL , 10 दिसंबर 2025। पानीपत के प्रसिद्ध शिक्षाविद् सनातन धर्म (एस.डी.) कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य सुखदेव के आकस्मिक निधन पर शहर में शोक की लहर दौड़ गई है। पानीपत नागरिक मंच के महासचिव राम मोहन राय ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें सच्ची अर्थों में एक संघर्षशील, दूरदर्शी और समर्पित शिक्षाविद् बताया।

राम मोहन राय ने अपने शोक संदेश में कहा, “ सुखदेव का जाना न केवल पानीपत के शिक्षा जगत के लिए, बल्कि पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने लंबे कार्यकाल में एस.डी. कॉलेज को न केवल स्थानीय स्तर पर, बल्कि प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर भी ख्याति दिलाई। वे एक ऐसे प्रधानाचार्य थे जो संस्थान के पर्याय बन चुके थे। उनका हर निर्णय, हर कदम और प्रयास कॉलेज की उन्नति व छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित रहा।”

ज्ञात रहे कि सुखदेव ने अनेक वर्षों तक एस.डी. कॉलेज के प्रधानाचार्य के रूप में रहते हुए कॉलेज को नई ऊँचाइयों पर पहुँचाया। उनके नेतृत्व में कॉलेज ने शैक्षणिक उत्कृष्टता, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा सामाजिक सरोकारों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की। उनके समय में हजारों छात्र-छात्राओं ने न केवल डिग्रियाँ प्राप्त कीं, बल्कि जीवन मूल्य, अनुशासन और समाजसेवा की प्रेरणा भी ग्रहण की।

पानीपत नागरिक मंच की ओर से राम मोहन राय ने कहा, “आज जब हम उन्हें खो चुके हैं, तब उनके द्वारा स्थापित मूल्य और दिखाया गया मार्ग हमें निरंतर प्रेरित करता रहेगा। हम उनके परिजनों, शुभचिंतकों, पूर्व छात्रों और पूरे शिक्षा जगत के साथ खड़े हैं।”

पानीपत के शिक्षा, समाजसेवा और राजनीतिक क्षेत्र की अनेक प्रमुख हस्तियों ने भी श्री सुखदेव जी को भावभीनी श्रद्धांजली अर्पित की है। उनके निधन से उपजा शून्य लंबे समय तक महसूस किया जाएगा।

पानीपत नागरिक मंच ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान और शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

img
img