इसराना, मडलौडा क्षेत्र में विकास कार्यों की रफ्तार होगी तेज

admin  1 month, 1 week, 1 day ago Top Stories

PANIPAT AAJKAL , 10 दिसंबर। जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. किरण सिंह की अध्यक्षता में सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के तहत इसराना विधानसभा क्षेत्र के खण्ड इसराना और मडलौडा में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के उपमंडल अभियंता व दोनों खंडों के कनिष्ठ अभियंताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सांसद से प्राप्त सभी विकास परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूर्ण कराया जाए।

  सीईओ ने कहा कि जिन कार्यों की प्रगति जारी है, उन्हें शीघ्रातिशीघ्र पूरा करवाया जाए, जबकि अब तक शुरू न हुए कार्यों को एक सप्ताह के भीतर शुरू किया जाए। इसके साथ ही जिन विकास योजनाओं के तकनीकी अनुमान/प्राक्कलन तैयार कर ई-साक्षी पोर्टल पर अपलोड नहीं किए गए हैं, उन्हें भी एक सप्ताह के भीतर पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य किया गया है।

  बैठक में उपस्थित इंचार्ज, सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना को भी निर्देश दिए गए कि सांसद द्वारा अनुमोदित विकास कार्यों की तुरंत प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त की जाए और योजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करवाना सुनिश्चित किया जाए।

  बैठक में पंचायती राज विभाग के इसराना और मडलौडा के उपमंडल अभियंता, दोनों खंडों के समस्त कनिष्ठ अभियंता तथा सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के इंचार्ज मौजूद रहे।

img
img