PANIPAT AAJKAL : 2 अक्टूबर 2025, उरलाना चौकी पुलिस ने गांव सींक में शादी समारोह में सींक निवासी दिनेश पर पिस्तौल से गोली चल जानलेवा हमला करने के दो आरोपियों को बुधवार शाम को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान गांव सींक निवासी मोहित उर्फ गांधी व जीन्द के भागखेड़ा गांव निवासी रिंकू उर्फ बंटी के रूप में हुई है।
उरलाना चौकी इंचार्ज एएसआई अनिल ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने रंजिशन दिनेश पर जानलेवा हमला करने की उक्त वारदात को अंजाम देने वाले स्वीकारा। पूछताछ में आरोपी मोहित उर्फ गांधी ने बताया वह और रिंकू उर्फ बंटी दोस्त हैं। 30 सितंबर को रिंकू किसी काम से उसके पास गांव में आया था। दोनों ने खेत में बैठकर शराब पार्टी की। इसी दौरान उसने रिंकू को बताया की गांव निवासी दिनेश पीछे से उसके बारे में कुछ कुछ बोलता है और गाली गलौच करता है। दोनों ने दिनेश का काम तमाम करने की साजिश रची। उसने रिंकू उर्फ बंटी को अपना लोडेड पिस्तौल दिया और दोनों बाइक पर सवार होकर गांव में आ गए। दोनों को पता चला दिनेश गांव में सुनील के घर शादी समारोह में गया है। दोनों ने वहां पहुंचकर दिनेश को अपने पास बुलाया और उस पर पिस्तौल से गोली चला मौके से फरार हो गए थे।
पूछताछ में आरोपी मोहित ने बताया उसको अवैध हथियार रखने का शौक है। उसके खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट का एक मामला दर्ज है। आरोपी ने पूछताछ में बताया वारदात में प्रयुक्त देसी पिस्टल व पांच रौंद वह वर्ष 2020 में हरिद्वार में हर की पौड़ी पर मिले एक अज्ञात युवक से 10 हजार रूपए में खरीद कर लाया था।
चौकी इंचार्ज एएसआई अनिल ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद कर वीरवार को दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें 1 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त देसी पिस्तौल बरामद करने का प्रयास करेगी।
यह है मामला:
उरलाना चौकी में सींक गांव निवासी अनिल पुत्र राजकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह जिला परिषद प्रतिनिधि है। 30 सितंबर को गांव निवासी सुनील के घर पर शादी थी। जिसमे वह और चचेरा भाई दिनेश भी गए हुए थे। दोनों बाहर गली में खड़े होकर डीजे पर नाच गाना देख रहे थे। तभी वहा समय करीब 8:15 बजे एक बाइक आकर रुकी। बाइक पर गांव निवासी मोहित उर्फ गांधी पुत्र सतबीर व जींद के भाग खेड़ा गांव निवासी रिंकू उर्फ बंटी बैठे थे। दोनों बाइक से नीचे उतरकर उनके पास आए। मोहित उर्फ गांधी ने दिनेश को पीछे से पकड़ लिया और रिंकू उर्फ बंटी ने पिस्टल तानकर गोली चला दी। गोली दिनेश के होंठ पर लगी। दिनेश ने बचने के लिए हाथ पैर मारे तभी उसने भी भागकर दिनेश को छुड़वाया। दिनेश बचने के लिए भाग तो आरोपी रिंकू उर्फ बंटी ने उस पर एकाएक चार गोलियां दाग दी। जिसमें से एक गोली दिनेश को कमर पर लगी। गोलियों की आवाज सुनकर गांव निवासी आए तो दोनों आरोपी उन्हें आता देखकर हथियार सहित बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। आरोपी जाते हुए जान से मारने की धमकी देकर गए हैं। दिनेश को इलाज के लिए पानीपत एक की अस्पताल में लेकर गए जहा डॉक्टर ने गंभीर हालत को देखते हुए दिल्ली रैफर कर दिया। उसे शक है कि वारदात में अन्य व्यक्ति भी शामिल थे।
थाना मतलौडा में अनिल की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।